समाजशास्‍त्र / Sociology

नैतिकता एवं शिष्टता में अधःपतन हो रहा है।स्पष्ट कीजिये।

नैतिकता एवं शिष्टता में अधःपतन हो रहा है।

नैतिकता एवं शिष्टता में अधःपतन हो रहा है।- महर्षि बाल्मीकि का कहना है कि, “श्रेष्ठ पुरुष दूसरे पापाचारी प्राणियों के सानिध्य को ग्रहण नहीं करता है। उन्हें अपराधी मानकर उनसे बदला नहीं लेना चाहता। इस नैतिकता की सदा रक्षा करनी चाहिए।’ हमारे ऋषियों और आचार्यों ने जब कहा कि “आचारः परमो धर्मः” तो इसका यही अर्थ कहा कि नैतिकता ही सबसे बड़ा धर्म है। आज के समाज में मूल्यों का स्तर गिरता जा रहा है। सभी प्रकार के मानवीय मूल्यों के घटने में चरित्र पतन सबसे बड़ा कारण है। हमारा चरित्र आज क्यों भ्रष्ट और नष्ट हो रहा है। यह आज एक ज्वलंत विचारणीय प्रश्न है। महाकवि व्यास ने अट्ठारहों पुराण का सार भाग प्रस्तुत करते हुए कहा है कि –

“अष्टादप पुराणेषु व्यासस्य वचनं द्वयम् ।

परोपकाराय पुण्याय पापाय परपीडनम् ॥

अर्थात् दूसरों को पीड़ित करने से कोई बड़ा पाप नहीं है और परोपकार से बढ़कर कोई पुण्य नहीं है। आज जब हम इस पर विचार करते हैं तो हम देखते हैं कि आज तो जैसे पाप-पुण्य का भेद ही मिट गया है। आज चारों ओर नैतिकता का घोर पतन हो रहा है। शिष्टाचार, सदाचार, शीलाचार आदि सब कुछ धराशायी होकर समाज के उच्च आदर्शों और मूल्यों से दूर जा पड़े हैं। इसलिये आज भ्रष्टाचार का एकतंत्र राज्य फैल चुका है। हम अपने सभी प्रकार के सम्बन्धों को इसके दुष्प्रभाव से या तो भूल चुके है या तोड़ चुके हैं। भ्रष्टाचार की गोद में ही अनाचार, दुराचार, मिथ्याचार पलते हैं, जो हमारे संस्कार को न केवल पल्लवित होने देते हैं और न अंकुरित ही। समाज एक भटकी हुई अमानवीयता के पथ पर चलने लगता है जहाँ किसी प्रकार से जीवन को न तो शान्ति, न विश्वास न आस्था, न मिलाप, न सौहार्द और न सहानुभूति ही मिलती है। पूरा जीवन मूल्य विहीन रेत सा या नीरस और तृण सा बेदम होने लगता है।

नैतिकता नर का ही भूषण नहीं है, अपितु वह समाज और राष्ट्र का ऐसा दिव्य गुण है, जिससे महान शक्ति का संचार होता है। इससे राष्ट्र की संस्कृति और सभ्यता महानता के शिखर पर आसीन होती है। अन्य देशों की तुलना में वह अधिक मूल्यवान और श्रेष्ठकर सिद्ध होता है। सभी इससे प्रभावित और आकर्षित होते हैं। आज भौतिकता के युग में नैतिकता का जो ह्रास हो चुका है, उसे देखते हुए संसार के कम ही राष्ट्र और समाज में नैतिकता का दम-खम रह गया है। परस्पर स्वार्थपरता, लोलुपता और अपना पराया का कटु वातावरण आज जो फैल रहा है, उसके मूल में नैतिक गुणों का न होना ही है। आज मनुष्य मनुष्यता को भूलकर पशुता को ही सब कुछ श्रेय और प्रेय इसलिए मान रहा है कि नैतिकता का परिवेश उसे कहीं नहीं दिखाई देता है। आश्चर्य की बात यह है कि भारत जो नैतिकता के गुणों से युक्त राष्ट्र रहा है और जो इस सिद्धांत का पालन करते नहीं अघाते।

 “सर्वे भवन्तु सुखिनः सर्वे सन्तु निरामयाः ।

सर्वे भद्राणि पश्यन्तु मा कश्चिद दुःखभाग भवेत् ।

नैतिक गुणों का जीवन्त रूप तो किसी समाज और राष्ट्र का विद्यार्थी ही होता है, क्योंकि इस काल में इस प्रकार के गुणों के विकास की संभावना और पात्रता जितनी विद्यार्थी में होती है, उतनी और किसी में नहीं होती है। विद्या विनय की देवी है और विनय से ही पात्रता प्राप्त होती है। पात्रता ही सब गुणों को भूषण बनाने में सक्षम होती है। शिष्टाचार विद्यार्थी का प्रथम रूप है और शिष्टाचार से नैतिकता प्राप्त होती है। सब पूज्यों के प्रति शिष्ट और अन्यों के प्रति उदार सिद्धांतों को धारण करने से ही नैतिकता का जन्म होता है।

समाज और नैतिकता का घनिष्ट सम्बन्ध है। ऐसा जब हम कहते हैं, तो इसका यही अभिप्रायः होता है कि नैतिकता से समाज का आदर्श प्रारूप बनता है। समाज की हर अच्छाई और ऊँचाई के लिए नैतिकता नितान्त आवश्यक है। नैतिकता के द्वारा ही समाज, समाज है अन्यथा वह नरक कुंड है, जहाँ दुर्गन्ध भरी साँसों को एक क्षण के लिए भी जीवन जीना दुष्कर होता है। अतएव सामाजिक उत्थान के लिए नैतिकता की बुनियाद अत्यन्त आवश्यक है।

इसी भी पढ़ें…

इसी भी पढ़ें…

About the author

shubham yadav

इस वेब साईट में हम College Subjective Notes सामग्री को रोचक रूप में प्रकट करने की कोशिश कर रहे हैं | हमारा लक्ष्य उन छात्रों को प्रतियोगी परीक्षाओं की सभी किताबें उपलब्ध कराना है जो पैसे ना होने की वजह से इन पुस्तकों को खरीद नहीं पाते हैं और इस वजह से वे परीक्षा में असफल हो जाते हैं और अपने सपनों को पूरे नही कर पाते है, हम चाहते है कि वे सभी छात्र हमारे माध्यम से अपने सपनों को पूरा कर सकें। धन्यवाद..

Leave a Comment